रांची
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 में मेजबान झारखंड ने खिताबी जीत दर्ज की। 14 जुलाई को खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड ने कड़े संघर्ष में ओडिशा को 1-0 से पराजित कर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दिन के पहले मैच में तीसरे स्थान के लिए हॉकी हरियाणा और हॉकी मिजोरम के बीच मुकाबला हुआ, जो निर्धारित समय तक 3-3 की बराबरी पर रहा। पेनाल्टी शूटआउट में हरियाणा ने 5-4 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता झारखंड, उपविजेता ओडिशा और तीसरे स्थान पर रही हरियाणा टीम को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुध्यिप्य कुमार और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह थे। उन्होंने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और टीमों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में A डिवीजन से 12, B डिवीजन से 9 और C डिवीजन से 7 टीमों सहित कुल 28 राज्यों की टीमें शामिल हुईं। झारखंड की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से साबित किया कि घरेलू मैदान पर उसका दबदबा कायम है। लगातार दूसरी बार इस राष्ट्रीय खिताब को जीतकर झारखंड ने सब-जूनियर महिला हॉकी में अपनी मजबूती दर्शाई है।
